home page

अनूपपुर: दो वर्ष से फरार महिलाओं के लोन के 1 करोड़ हड़पने का आरोपी गिरफ्तार

 | 
अनूपपुर: दो वर्ष से फरार महिलाओं के लोन के 1 करोड़ हड़पने का आरोपी गिरफ्तार


अनूपपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र स्थित चोई गांव में 30 से ज्यादा महिलाओं से 1 करोड़ रुपए से ज्यादा के आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। दिनेश राठौर दो साल से फरार था। रविवार को उसे न्या यालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी दिनेश राठौर ने अपनी पत्नी माया राठौर, ससुर पूरन राठौर और साले नोहर उर्फ बबलू राठौर के साथ मिलकर गांव की महिलाओं को समूह से लोन दिलाने का झांसा दिया था। इन लोगों ने विभिन्न बैंकों और फाइनेंस कंपनियों से किश्तें खुद जमा करने का लालच देकर ग्रामीण महिलाओं के नाम पर लोन पास कराया और पूरी रकम खुद रख ली। पीड़ित महिलाओं को लोन का एक पैसा भी नहीं मिला, लेकिन अब बैंक और फाइनेंस कंपनियां उन पर पैसे जमा कराने का लगातार दबाव बना रही हैं।

महिलाओं ने की थी शिकायत

इस ठगी को लेकर राधा देवी राठौर ने 22 फरवरी 2024 को 30 से अधिक पीड़ित महिलाओं के साथ मिलकर जैतहरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। शनिवार शाम दिनेश को किसी काम से जैतहरी आते देख महिलाओं ने पहचान लिया और तुरंत पुलिस को खबर कर दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर पहुंचकर हिरासत में ले लिया।

थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय ने बताया कि आरोपी पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहा है और पूरी ठगी का ठीकरा अपने सास, ससुर और साले के सिर फोड़ रहा है। आरोपी का दावा है कि ग्रामीणों से लोन की रकम लेने उसके सास-ससुर जाते थे, जबकि महिलाओं का साफ आरोप है कि पैसों की गिनती दिनेश राठौर खुद करता था। घटना के बाद से ही आरोपी के ससुर पूरन राठौर, सास माया राठौर और साला नोहर गांव से फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला