शेयर खरीद-फरोख्त के नाम पर लोगों से करोड़ो की ठगी करने वाला गिरफ्तार
कानपुर, 27 फरवरी (हि.स.)। शेयर खरीदने और बेचने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले आरोपित सुनील धवन को पुलिस ने शुक्रवार को जेके मंदिर नहरिया के पास स्थित एक क्लीनिक से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित इलाज करने के बहाने छिपा था। नजीराबाद और काकादेव थाना में उसके खिलाफ छह से अधिक के मुकदमे दर्ज हैं।
एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि काकादेव थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर स्थित मोती विहार सोसाईटी का रहने वाले सुशील धवन कौशलपुरी में एक ऑफिस खाेलकर शेयर ब्रोकिंग का काम करता था। आराेप है कि उसने साल 2021 में पांडु नगर मॉडल टाउन निवासी प्रदीप मंगा के करीब दो करोड़ रुपये की कीमत के शेयर कुटरचित दस्तावेजों के जरिए हड़प लिए। मामले में सुशील उसकी पत्नी अंजलि और रुद्राक्ष शेयर्स एंड ब्रोकर कंपनी के खिलाफ नजीराबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।
इसी तरह से साल 2024 में कौशलपुरी निवासी रिचा शर्मा ने भी 51 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए सुशील, उसकी पत्नी अंजलि और पिता मयंक तिवारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके अलावा जनवरी 2026 में कल्याणपुर के रहने वाले रिटायर्ड केंद्रीय उत्पाद शुल्क अधीक्षक विष्णु दत्त त्रिवेदी ने भी 60 लाख और आवास विकास-एक के रहने वाले एक अन्य व्यक्ति से सात लाख ठगने का मामला भी सामने आया था। इनके अलावा पांडव नगर निवासी प्रतीक रस्तोगी ने एक करोड़ 57 लाख, बैंक मैनेजर अशोक कपूर ने डेढ़ करोड़, काकादेव के रहने वाले अशोक मेहरा ने 50 लाख, आकांक्षा नाम की महिला ने लाख ठगने का मुकदमा दर्ज कराया था। दो दिन पूर्व व्यापारी नेता कपिल सब्बरवाल के साथ कई पीड़ित पुलिस उपायुक्त मध्य अतुल श्रीवास्तव से मिलकर शिकायत की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी ने एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके को जांच सौंप थी। जिसके बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई और सर्विलांस की मदद से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही उससे पूछताछ की जा रही है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

