फुचका खिलाने के लिए पैसे देने का लालच देकर नाबालिग से बैड टच का आरोप में अधेड़ गिरफ्तार
हुगली, 01 सितंबर (हि. स.)। उत्तरपाड़ा में एक नाबालिग को फुचका खाने के लिए 10-20 रुपये देने का लालच देकर कथित रूप से अपने घर बुलाकर गलत तरीके से छूने के आरोप में एक अधेड़ को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि नाबालिग आरोपित को ‘दादू’ कहकर बुलाती थी।
जानकारी के अनुसार, पड़ोस की एक महिला ने नाबालिग को अधेड़ के घर से बाहर निकलते देखा। उस समय नाबालिग के पास 20 रुपये थे। पूछताछ करने पर उसने बताया कि रुपये दादू ने दिए थे। आरोप है कि इसके बदले आरोपित ने उसके साथ गलत तरीके से स्पर्श किया और किसी को बताने पर डराने-धमकाने की बात भी कही।
पड़ोसी महिला का आरोप है कि अधेड़ पिछले कुछ दिनों से नाबालिग को अपने घर बुलाकर इस तरह की हरकत कर रहा था। घटना की जानकारी इलाके के लोगों को मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपित के खिलाफ आवाज उठाई। बताया जा रहा है कि आरोपित के खिलाफ पहले भी इस तरह के आरोप लग चुके हैं।
सूचना पाकर उत्तरपाड़ा थाने की गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में लेकर थाने ले गई। बाद में नाबालिग की मां की शिकायत के आधार पर आरोपित को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को आरोपित को श्रीरामपुर महकमा अदालत में पेश किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

