home page

घर में घुसकर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार

 | 
घर में घुसकर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार


कानपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित की पहचान छिबरामऊ निवासी राहुल श्रीवास्तव के रूप में हुई है। शिकायत में परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के समय किशोरी घर पर अकेली थी। इसी दौरान आरोपित घर में घुस आया और उसे धमकाकर दुष्कर्म किया। शाम को माता-पिता के लौटने पर किशोरी ने पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन थाने पहुंचे और तहरीर दी।

परिजनों का यह भी आरोप है कि आरोपित पहले से किशोरी को परेशान करता था और उसके खिलाफ पहले भी आपत्ति जताई गई थी, लेकिन उसकी हरकतें नहीं रुकीं।

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू की और शनिवार को पनकी रोड क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

एसीपी कल्याणपुर दिलीप सिंह ने बताया कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप