दुबई से रंगदारी मांगने का आरोप, ऑडियो-चैटिंग के साथ एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार
दरभंगा, 05 जुलाई (हि.स.)।
जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के गरौल गांव निवासी शाहनवाज अहमद ने विदेश में रह रहे एक युवक पर रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देने तथा अपराधी गिरोह तैयार करने का गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दरभंगा को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
शाहनवाज अहमद का आरोप है कि उनके गांव का ही नेयाज आलम पिछले कुछ वर्षों से दुबई में रह रहा है। आरोप के अनुसार, 28 जून से 30 जून 2026 के बीच दुबई के मोबाइल नंबर से कई बार कॉल कर उनसे प्रति माह एक लाख रुपये रंगदारी देने की मांग की गई। रुपये नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके छोटे भाई के मोबाइल पर भी कॉल कर धमकाया गया और समझौता करने का दबाव बनाया गया।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से उनकी दुकान के आसपास तीन अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से चेहरे ढंककर लगातार चक्कर लगा रहे हैं, जिससे उनका परिवार भयभीत है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति दुबई में रहकर कुछ युवकों को हथियार खरीदने के लिए रुपये उपलब्ध कराता है और उनके माध्यम से रंगदारी वसूली का नेटवर्क संचालित करता है।
शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि उनके पास धमकी भरी कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग तथा व्हाट्सएप चैट भी मौजूद है, जिसमें रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। उन्होंने इन साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कॉल डिटेल एवं संबंधित व्यक्तियों के आपराधिक संबंधों की जांच करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। आवेदन में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं, जिनकी सत्यता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

