home page

शहडोल: चरित्र संदेह में पत्नी और सास की हत्या का आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल

 | 
शहडोल: चरित्र संदेह में पत्नी और सास की हत्या का आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल


शहडोल, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के नवागांव में हुए दो हत्याओं के आरोपी पति को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया हैं।

आरोपी दिनेश रजक ने चरित्र संदेह के चलते अपनी पत्नी रुचि और बीच-बचाव करने आई सास सावित्री की खटिया के पाए से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी कमरे में ताला लगाकर गुजरात भाग गया था।

पुलिस के अनुसार, दिनेश की शादी करीब एक साल पहले सीधी जिले के मंझौली की रहने वाली रुचि से हुई थी। 4 अक्टूबर को चरित्र पर शक करने की बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ, जिसमें दिनेश मारपीट करने लगा। बेटी को लिवाने आई मां सावित्री जब बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो आरोपी ने खटिया के पाए से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी दोनों के शवों को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगाकर भाग गया। 8 अक्टूबर को बंद कमरे से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को खबर दी, जिसके बाद ताला तोड़ा गया तो अंदर मां-बेटी की लाशें मिलीं। सुराग मिलते ही गोहपारू पुलिस की टीम आरोपी को पकड़ने गुजरात पहुंची, लेकिन पुलिस के आने की भनक लगते ही वह वहां से भाग निकला। गुजरात से भागकर आरोपी गोहपारू इलाके के जंगलों में छिप गया था, जहां पुलिस ने तलाश कर उसे धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला