home page

अनूपपुर में महिला से छेड़छाड़ का आरोपित गिरफ्तार, न्यायालय के आदेश पर भेजा गया जेल

 | 
अनूपपुर में महिला से छेड़छाड़ का आरोपित गिरफ्तार, न्यायालय के आदेश पर भेजा गया जेल


अनूपपुर, 24 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में महिला से छेड़छाड़ के प्रयास के मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार घटना 23 जून की शाम की है। 27 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह घर पर अकेली थी, तभी ग्राम औढ़ेरा निवासी 22 वर्षीय नीरज यादव उसके घर में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध करने और शोर मचाने पर आसपास के लोगों के आने की आहट से आरोपित मौके से फरार हो गया।

महिला की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

थाना प्रभारी अरविंद जैन के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नीरज यादव, पुत्र प्रहलाद यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक सरिता लकड़ा, प्रधान आरक्षक विनय बैस, प्रधान आरक्षक शिवशंकर प्रजापति और चालक प्रधान आरक्षक खेमराज सिंह शामिल रहे।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित के खिलाफ पूर्व में भी महिला संबंधी अपराध का एक मामला दर्ज है, जो न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला