home page

मर्सिडीज और वैगनआर की टक्कर में 70 वर्षीय महिला की मौत

 | 

नई दिल्ली, 08 अगस्त (हि.स.)। बाहरी उत्तरी जिले के नरेला के मामूरपुर इलाके में शनिवार सुबह मर्सिडीज और वैगनआर की आमने-सामने की टक्कर में 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई। टक्कर के बाद वैगनआर पीछे की ओर जा रही एक लोडिंग थ्री-व्हीलर से जा टकराई। इसी दौरान महिला दोनों वाहनों के बीच फंस गई और गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतका की पहचान उर्मिला, निवासी मामूरपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, हादसा शनिवार सुबह करीब आठ बजे हिमालय अपार्टमेंट के सामने हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मर्सिडीज और वैगनआर की आमने-सामने की टक्कर हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि वैगनआर पीछे की ओर चली गई और पास में खड़ी लोडिंग वैन से जा भिड़ी। इसी दौरान वहां मौजूद उर्मिला दोनों वाहनों के बीच फंस गईं। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, वैगनआर चालक को मामूली चोटें आईं। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही नरेला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ दोनों वाहनों और आसपास की स्थिति की जांच की। हादसे की सही वजह पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों वाहनों की टक्कर से पहले उनकी गति और स्थिति क्या थी, इसका पता फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से लगाया जाएगा। दोनों चालकों और मौके पर मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।

पुलिस ने बताया कि मामले में सड़क हादसे से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। उर्मिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे में किसी तरह के ट्रैफिक नियम के उल्लंघन या अन्य कारण की भूमिका थी या नहीं, इसकी जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी