मालवीय नगर मामले में एससी/एसटी एक्ट की धाराएं जोड़ीं, आरोपित महिला गिरफ्तार
नई दिल्ली, 25 फ़रवरी (हि.स.)। दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर थाना क्षेत्र में दर्ज एफआईआर संख्या 68/25 में पुलिस ने जांच के दौरान बड़ा कदम उठाते हुए अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं जोड़ दी हैं। उपलब्ध साक्ष्यों और रिकॉर्ड के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच अब एसीपी रैंक के अधिकारी को सौंप दी गई है। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पूरे प्रकरण की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी पहलू की अनदेखी न हो।
इस मामले में नामजद आरोपी रूबी जैन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने महिला के पति हर्ष को भी हिरासत में लिया हुआ है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि आरोपितों से पूछताछ चल रही है और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों को खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और जैसे-जैसे नए तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि पुलिस अधिकारी के अनुसार घटना 20 फरवरी दोपहर करीब 3:30 बजे की है। युवतियां अपने फ्लैट में एसी इंस्टॉलेशन का कार्य करा रही थी। इसके लिए ड्रिलिंग मशीन से काम चल रहा था। इस वजह से कुछ मलबा व धूल नीचे फ्लोर पर गिर गए। इसे लेकर उस फ्लोर पर रहने वाले हर्ष सिंह व उनकी पत्नी रूबी जैन ने ऊपर आकर आपत्ति जताई। आरोप है कि इस दौरान दंपति ने युवतियों के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी करते हुए उन्हें काफी भला बुरा कहा। दोनों तरफ से विवाद बढ़ने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिसकर्मी के पहुंचने के बाद भी दोनों तरफ से विवाद जारी रहा। युवतियों की तरफ से दी गई शिकायत में कहा गया है कि दंपती ने गाली गलौज की और उनके उत्तर-पूर्वी मूल को लेकर नस्लीय व अपमानजनक टिप्पणियां की और उन्हें धमकाया भी गया।
वायरल हुआ 4 मिनट 39 सेकंड का वीडियो
इस पूरे मामले को लेकर 4 मिनट 39 सेकंड का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें एक पुलिसकर्मी भी नजर आ रहे है। पुलिसकर्मी के सामने ही दोनों पक्ष एक दूसरे से वाद विवाद कर रहे हैं। पुलिसकर्मी दोनों पक्षों को शांत कराते नजर आ रहे है। इस दौरान महिला युवतियों के बारे में आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करती हुई भी नजर आ रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

