मालदा में हत्या की वारदात के तीन महीने बाद भी पांच आरोपी फरार
मालदा, 22 जुलाई (हि.स.)।
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के इंग्लिशबाजार थाना क्षेत्र के महेशपुर इलाके में करीब तीन महीने पहले हुई विक्रम हलदार नामक युवक की हत्या के मामले में अब भी पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। मृतक के परिजनों का आरोप है कि फरार आरोपी लगातार उन्हें धमका रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है।
परिवार का दावा है कि विक्रम हलदार ने इलाके में चल रहे असामाजिक गतिविधियों का विरोध किया था। इसी वजह से गत छ: मई की रात उसे घर से बुलाकर धारदार हथियार से हमला कर निर्ममता से हत्या कर दी गई। घटना के बाद परिजनों ने नौ लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन बाकी पांच आरोपी अब भी फरार हैं।
पुलिस की ओर से पहले बताया गया था कि ताश खेलने को लेकर हुए विवाद के कारण यह हत्या हुई थी, लेकिन परिवार इस दावे को खारिज करते हुए कह रहा है कि असामाजिक गतिविधियों का विरोध करने की वजह से विक्रम की हत्या की गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि फरार आरोपी लगातार उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इससे परेशान होकर परिवार ने इसी महीने 7 जुलाई को मालदा के पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे न्याय की मांग लेकर मुख्यमंत्री के दरवाजे तक पहुंचेंगे।
इस मामले पर इंग्लिशबाजार के विधायक अम्लान भादुड़ी ने कहा कि पुलिस ने अब तक उचित कार्रवाई की है। शेष आरोपी फिलहाल फरार हैं और पुलिस उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

