मालदा में दवा दुकान की आड़ में गर्भपात का आरोप, कारोबारी और पत्नी गिरफ्तार
मालदा, 13 अगस्त (हि. स.)। मालदा के चांचल में चांचल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के गेट के सामने स्थित एक दवा दुकान को लेकर गंभीर आरोप सामने आया है। आरोप है कि मोटी रकम लेकर दुकान के अंदर गर्भपात कराया जाता था। बाहर से देखने पर सामान्य मेडिकल दुकान, लेकिन आरोप है कि दुकान के अंदर पर्दे की आड़ में लंबे समय से गर्भपात कराने का अवैध कारोबार चल रहा था।
गुरुवार को कथित तौर पर गर्भपात की प्रक्रिया चलने के दौरान स्थानीय लोगों ने दुकान में पहुंचकर मामले का खुलासा किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दुकान के मालिक संजीव साहा उर्फ बाप्पा और उनकी पत्नी लिली पोद्दार साहा को गिरफ्तार कर चांचल थाने ले गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकान के अंदर एक हिस्से को पर्दे से घेरकर लंबे समय से यह गतिविधि चल रही थी। बाहर से यह सामान्य मेडिकल स्टोर जैसा दिखाई देता था। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस गतिविधि को लेकर पहले से ही संदेह था।
गुरुवार को कथित तौर पर एक महिला को दुकान के अंदर ले जाकर पर्दे के पीछे गर्भपात कराया जा रहा था। इसी दौरान स्थानीय निवासी आकाशदीप चटर्जी ने मामले को देखा और मोबाइल फोन से वीडियो बनाने के साथ पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दंपती को हिरासत में लेकर थाने ले गई। बाद में शिकायत के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आकाशदीप चटर्जी ने आरोप लगाया कि अस्पताल के सामने इस तरह का अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा था। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
वहीं, केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के चांचल जोन के अध्यक्ष प्रणब पाल ने कहा कि मामले की जानकारी मिलने के बाद संगठन ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि दवा दुकान का इस्तेमाल इस तरह के अवैध काम के लिए किया जाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। संगठन की ओर से संबंधित दवा व्यवसायी का लाइसेंस रद्द करने की मांग की जाएगी तथा प्रशासन और ड्रग कंट्रोल विभाग से निष्पक्ष जांच की अपील की जाएगी।
पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपितों को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है और गर्भपात कराने के आरोपों की पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

