वीडियो कॉल पर अफेयर देख पत्नी ने पति का फोन तोड़ा तो पति ने लगा दी आग, पत्नी की जल कर मौत
मालदा, 08 अगस्त (हि.स.)।
मालदा के मानिकचक थाना क्षेत्र के नूरपुर ग्राम पंचायत के नादारटोला इलाके में 20 वर्षीय गृहवधू चुन्नी खातून को कथित तौर पर जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति सामीउल शेख को दूसरी युवती के साथ वीडियो कॉल पर बातचीत करते देख चुन्नी ने विरोध किया और उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया।
इससे नाराज पति और ससुरालवालों ने उसके हाथ-पैर बांधकर आग लगा दी।
गंभीर रूप से झुलसी चुन्नी का मालदा मेडिकल कॉलेज के बर्न यूनिट में इलाज चल रहा था, जहां शनिवार को उसकी मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने पति सामीउल शेख, देवर आनेस शेख, ननद चमेली बीबी और सास दिलनूर बीबी के खिलाफ मानिकचक थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

