बंगाल से बिहार तस्करी से पहले बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद
मालदा, 22 सितंबर (हि.स.)।
बंगाल से बिहार तस्करी किए जाने से पहले गाजोल थाना पुलिस ने बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित ब्राउन शुगर बरामद कर दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद ब्राउन शुगर की मात्रा एक किलोग्राम से अधिक है और इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोमवार रात करीब नौ बजे गुप्त सूचना के आधार पर गाजोल थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में दो महिलाओं को रोककर पूछताछ की। उनके जवाबों में असंगति मिलने के बाद पुलिस ने दोनों की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान महिलाओं के पास से दो बैग बरामद हुए। बैग के अंदर बच्चों के दो टिफिन बॉक्स रखे हुए थे। पुलिस ने जब टिफिन बॉक्स खोले तो उनमें बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद हुआ।
बरामद नशीले पदार्थ का वजन एक किलोग्राम से अधिक बताया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ब्राउन शुगर को कालियाचक से बिहार ले जाया जा रहा था। मामले में गिरफ्तार दोनों महिलाओं की पहचान खुशी खातून और जैनक खातून के रूप में हुई है। दोनों कालियाचक थाना क्षेत्र के नयाग्राम की रहने वाली बताई गई हैं।
इतनी बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर उनके पास कैसे पहुंचा, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच गाजोल थाना पुलिस ने शुरू कर दी है। पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए गिरफ्तार दोनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

