ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, अदालत ने सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेजो
मालदा , 28 सितंबर (हि.स.)।
भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ मालदा टाउन जीआरपी थाना पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को दोनों आरोपियों को मालदा जिला अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर जिला पुलिस के क्राइम मॉनिटरिंग ग्रुप और जीआरपी थाना पुलिस ने मालदा टाउन स्टेशन पर जाल बिछाया था। ट्रेन के मालदा टाउन स्टेशन पहुंचते ही सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से 2 किलो 582 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जुबाइल शेख और आलेप शेख के रूप में हुई है। दोनों कालियाचक के मोजमपुर और मोमिनपाड़ा इलाके के रहने वाले हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बरामद मादक पदार्थ को कामाख्या से मालदा लाने के लिए उन्हें 10-10 हजार रुपये दिए गए थे। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

