सागर: छात्रा पर जानलेवा हमले का आरोपी नीलेश पटेल रेलवे ट्रैक पर मृत मिला, पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही
सागर , 08 मार्च (हि.स.)। मप्र के सागर के मकरोनिया थाना क्षेत्र में शनिवार को एक नाबालिग स्कूली छात्रा पर रेडियम कटर से जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी नीलेश पटेल की मौत हो गई है। रविवार सुबह उसका शव मकरोनिया के पास रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में मिला। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या करने का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर दुर्गानगर (रजाखेड़ी) निवासी 12वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा अपनी प्रैक्टिकल परीक्षा देकर स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में आरोपी नीलेश पटेल ने उसे रोक लिया और दोनों के बीच विवाद होने लगा। विवाद के दौरान आरोपी ने आवेश में आकर अपने पास रखे रेडियम कटर से छात्रा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने छात्रा पर दर्जनों वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़ी।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत छात्रा को संभाला और उसे इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक छात्रा की हालत बेहद गंभीर थी और उसके शरीर पर गहरे घाव होने के कारण लगभग 100 टांके लगाने पड़े। फिलहाल उसका इलाज जारी है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नीलेश पटेल मौके से फरार हो गया था। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। इसी बीच रविवार की सुबह सूचना मिली कि मकरोनिया के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची और शिनाख्त करने पर मृतक की पहचान आरोपी नीलेश पटेल के रूप में हुई।
मृतक के मौसेरे भाई प्रमोद पटेल ने बताया कि नीलेश और छात्रा के बीच पहले से प्रेम संबंध थे। परिवारों के बीच पहले इस मामले में समझौता भी हो चुका था, लेकिन शनिवार को अचानक क्या हुआ इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमले के पीछे असली वजह क्या थी और आरोपी ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया।
इस मामले में पुलिस ने पहले ही आरोपी के खिलाफ पॉक्सो सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ा जाएगा और सच्चाई सामने लाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

