home page

पचास लाख की चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार

 | 
पचास लाख की चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार


चित्तौड़गढ़, 16 मई (हि.स.)। शहर की कोतवाली थाना पुलिस ने बस में सफर के दौरान ट्रावेल्स कंपनी के कर्मचारी को बातों में उलझा कर 50 लाख रुपये की चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया। इस मामले में तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से 46 लाख रुपये नकद व बैग बरामद कर लिया है। मोबाइल फोन व शेष राशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपिताें को कोर्ट में पेश करेगी।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि प्रार्थी विजयभाई ने 12 मई को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया 16 अप्रैल को वह 50 लाख रुपये एक बैग में रख कर भीलवाड़ा सेठजी के यहां पहुंचाने के लिए सुबह 4.50 बजे आरटीसी ट्रावेल्स बस में चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्री चौराहे से बैठ कर भीलवाड़ा जा रहा था। बस में पास वाली सीट पर समीर नाम का व्यक्ति बैठा था। उसने रास्ते में बातों में उलझा कर कान्याखेड़ा गांव के पास बस रुकवा कर उसे नीचे उतार लिया। यहां समीर व उसके दो साथियों ने बातों में लगा कर 50 लाख रुपये से भरा बैग व मोबाइल फोन चोरी कर लिया। इस रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 303(2), 3(5) बीएनएस 2023 में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच के लिए कोतवाली थानाधिकारी तुलसीराम प्रजापति के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने शहर के सीसी टीवी फुटेज का विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्य व ह्यूमन इंटेलिजेंस का उपयोग कर तीन संदिग्ध आरोपियों को दबोचा। पुलिस ने गहन पूछताछ की तो आरोपिताें ने चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने मामले में मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में दौलतपुरा निवासी समीर खान पुत्र अकरम खान मेवाती, चित्तौड़गढ़ के चंदेरिया निवासी सलमान खान पुत्र शौकत खान तथा दीपक जोशी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपिताें से 46 लाख रुपये नकद मय बैग बरामद कर लिया है। प्रकरण में प्रार्थी के मोबाइल फोन एवं चोरी की शेष 4 लाख रुपये की राशि के संबंध में अनुसंधान जारी है। प्रारंभिक रूप से आरोपिताें के 4 लाख रुपये शोक मौज में खर्च करने की बात सामने आई है। आरोपिताें ने नए कपड़े और मोबाइल ले लिए और कहीं घूमने भी चले गए थे। इन सभी की पुलिस तस्दीक कराने में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल