गुवाहाटी में बड़ी डकैती की साजिश नाकाम, तीन कुख्यात बदमाश गिरफ्तार
गुवाहाटी, 31 मई, (हि.स.)। गुवाहाटी में बड़ी डकैती की योजना बना रहे एक कुख्यात गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने तीन दुर्दांत बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को कहा कि यह कार्रवाई बोरागांव के बेलवाली क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर की गई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बंधुरा बसुमतारी, जनक बसुमतारी और मानो बसुमतारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में उन्हें धर दबोचा गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक 0.32 बोर की पिस्तौल, दो मैगजीन, 14 जिंदा कारतूस, एक डेगार तथा एक खुखरी बरामद की है। बरामद हथियारों और गोला-बारूद को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह के अन्य सदस्य किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल थे या नहीं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

