home page

वापी ज्वेलर्स हमला कांड में बड़ा खुलासा, दुबई से दी गई थी 50-50 हजार की सुपारी

 | 

- दुबई से मिली थी हमले की सुपारी, पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने से जुड़ा मामला, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कनेक्शन नहीं : रेंज आईजी

वापी/सूरत, 18 नवंबर (हि.स.)। वलसाड जिले के वापी शहर के मुख्य बाजार स्थित महात्मा गांधी मार्केट में ज्वेलर्स संचालक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से एक आरोपित को घटनास्थल पर ही स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया था, जबकि फरार दो आरोपितों को वारदात के करीब ढाई घंटे के भीतर सूरत रेलवे स्टेशन के बाहर से गिरफ्तार किया गया। बुधवार को तीनों आरोपितों को वापी की अतिरिक्त सत्र अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस की मांग पर अदालत ने उन्हें आठ दिन के रिमांड पर सौंप दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ज्वेलर्स संचालक से पहले पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी देने से इनकार करने पर दुबई में बैठे मुख्य साजिशकर्ता ने उसे डराने के लिए तीनों आरोपितों को हमले की सुपारी दी थी। पुलिस के अनुसार आरोपितों को इस काम के लिए 50-50 हजार रुपये देने का वादा किया गया था।

पुलिस शिकायत के मुताबिक, मंगलवार (17 नवंबर) को दोपहर के समय वापी टाउन की महात्मा गांधी मार्केट स्थित अभिषेक ज्वेलर्स के संचालक ललित मोतीलाल जैन पर तीन युवकों ने चाकू से हमला किया। हमलावरों ने उनके शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर सात से अधिक वार किए। वारदात के बाद तीनों ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान ललित जैन ने चोर-चोर की आवाज लगाई, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने एक आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पकड़े गए आरोपित की पहचान लवप्रीत निर्मल सिंह (30), निवासी चौघा गांव, अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय एलसीबी और एसओजी की टीमों ने फरार आरोपितों की तलाश शुरू की। तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और मिली सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने सूरत लोकल क्राइम ब्रांच की मदद से दोनों फरार आरोपितों को सूरत रेलवे स्टेशन के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान जगराज उर्फ युवराज सुखदेव सिंह (35) और अमोलक बख्शीस सिंह (30), दोनों निवासी पंजाब, के रूप में हुई है। जगराज सिंह तरनतारन जिले का रहने वाला है, जबकि अमोलक सिंह भी तरनतारन जिले का निवासी बताया गया है।पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि हरजिंदर उर्फ हैरी ढिल्लों ने तीनों आरोपितों को ललित जैन पर हमला करने की सुपारी दी थी। पुलिस के अनुसार, हैरी ढिल्लों दुबई की जेल में हत्या के मामले में सजा भुगत रहा है और उसे रोहित गोदारा गैंग का सहयोगी बताया जा रहा है। आरोपितों को वारदात को अंजाम देने के लिए 50-50 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी।

तीनों आरोपित 12 नवंबर को अमृतसर से ट्रेन के जरिए वापी पहुंचे थे। यहां उन्होंने एक गेस्टहाउस में ठहरने के बाद किराये पर मोपेड ली और ज्वेलर्स संचालक की रेकी की। इसके बाद मंगलवार को मौका पाकर उन्होंने हमला कर दिया।पुलिस ने आरोपितों को बुधवार को अदालत में पेश कर दस दिन के रिमांड की मांग की थी, लेकिन अदालत ने आठ दिन का रिमांड मंजूर किया। रिमांड के दौरान पुलिस दुबई से मिले निर्देशों, रंगदारी की मांग, हमले की साजिश और आरोपितों के नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच करेगी।

इस बीच, रेंज आईजी प्रेमवीर सिंह ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि इस घटना का लॉरेंस बिश्नोई से कोई कनेक्शन नहीं है। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपित पंजाब के रहने वाले हैं। वलसाड जिला पुलिस अधीक्षक युवराज सिंह जाडेजा के मार्गदर्शन में एलसीबी, एसओजी और वापी टाउन पुलिस की टीमों ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य सूचनाओं के आधार पर आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान इस मामले में और महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे