अपराधियों पर पुलिस का बड़ा प्रहार: विशेष अभियान में 1 हजार 600 से ज्यादा अपराधी गिरफ्तार
जयपुर, 13 मई (हि.स.)। राजस्थान पुलिस ने संगठित अपराध, गैंगस्टर नेटवर्क, अवैध हथियार तस्करी और हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ राज्यभर में एक साथ बड़ा अभियान चलाकर अपराध जगत में हड़कंप मचा दिया। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा एवं पुलिस महानिदेशक ऑपरेशन्स आनन्द श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए गए तीन दिवसीय विशेष अभियान में राज्य के सभी जिलों में एक साथ चौतरफा कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स श्री दिनेश एम.एन. ने बताया कि अभियान के दौरान राज्य के समस्त जिला पुलिस अधीक्षकों से समन्वय कर संगठित अपराधियों, हार्डकोर अपराधियों, इनामी बदमाशों, गैंगस्टरों, गैंग के सदस्यों, सोशल मीडिया फॉलोवर्स और अवैध हथियार रखने व सप्लाई करने वाले अपराधियों के खिलाफ व्यापक स्तर पर दबिश और गिरफ्तारियां की गईं।
इस अभियान के दौरान करीब 605 हार्डकोर अपराधियों के ठिकानों पर दबिश देकर 163 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 195 अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं राज्यभर में फरार चल रहे 608 इनामी अपराधियों की तलाश करते हुए 270 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा जिलों, वृत्तों और थानों के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल 1250 अपराधियों की तलाश कर 712 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया तथा 294 लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया गया।
साथ ही अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में 1124 संदिग्ध अपराधियों की सघन जांच कर 417 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में अवैध हथियार बरामद किए गए और 121 नए प्रकरण दर्ज किए गए। साथ ही 10 लंबित आर्म्स एक्ट मामलों का भी निस्तारण किया गया और गैंगस्टर नेटवर्क और सोशल मीडिया फॉलोवर्स पर भी पुलिस की खास नजर रही। गैंग के 139 सदस्यों, सहयोगियों और सोशल मीडिया फॉलोवर्स के ठिकानों पर दबिश देकर 55 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
एडीजी दिनेश एम.एन. ने आमजन से अपील की है कि गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों की किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें तथा सोशल मीडिया पर गैंगस्टरों को फॉलो करने से बचें। उन्होंने कहा कि राजस्थान में संगठित अपराध के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

