home page

अनूपपुर: 96 मवेशियों को क्रूरता पूर्वक बांधकर रखने के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 | 
अनूपपुर: 96 मवेशियों को क्रूरता पूर्वक बांधकर रखने के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई


अनूपपुर: 96 मवेशियों को क्रूरता पूर्वक बांधकर रखने के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई


अनूपपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में जैतहरी थाना क्षेत्र के ग्राम लपटा चौधरी टोला में बड़ी संख्या में मवेशियों को बिना पर्याप्त चारा-पानी के क्रूरता पूर्वक बांधकर रखने और उन्हें वाहनों के माध्यम से बाहर ले जाने की तैयारी की सूचना पर जैतहरी पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 96 मवेशियों को बरामद किया है।

कार्रवाई के दौरान एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया। पुलिस ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित संबंधित धाराओं के तहत चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी जैतहरी निरीक्षक गोकुलानंद पाण्डेय ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि लपटा चौधरी टोला में अलग-अलग लोगों के बाड़ों में बड़ी संख्या में भैंस और पड़े रस्सियों से गर्दन, सींग और पैरों को बांधकर रखे गए हैं। उन्हें पर्याप्त चारा-पानी भी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था और वाहनों के माध्यम से बाहर ले जाने की तैयारी की जा रही थी।

सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद पुलिस लाइन अनूपपुर, थाना जैतहरी और पुलिस सहायता केंद्र वेंकटनगर के बल की चार टीमें गठित कर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई।

चार बाड़ों से मिले 96 मवेशी

पहली टीम ने संजय चौधरी के बाड़े से 12 भैंस और दो पड़े सहित कुल 14 मवेशी बरामद किए। मौके पर महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक एमपी-18-जेडएफ-8176 भी मिला। पुलिस ने अतुल कुमार चौधरी को मवेशियों को डंडे से मारकर वाहन में चढ़ाने का प्रयास करते हुए पकड़ा।

दूसरी टीम ने मोहित चौधरी के बाड़े से 18 भैंस और नौ पड़े सहित कुल 27 मवेशी बरामद किए। मौके पर मिले तीर्थशयन सिंह ने पुलिस को बताया कि मवेशियों को लोड करने के लिए वाहन का इंतजार किया जा रहा था।

तीसरी टीम ने दादूराम चौधरी के बाड़े से छह भैंस और 14 पड़े, कुल 20 मवेशी बरामद किए। यहां मौजूद संजय गुप्ता ने भी मवेशियों को वाहन में लोड किए जाने की जानकारी दी।

वहीं चौथी टीम ने उदल चौधरी के बाड़े से 20 भैंस और 15 पड़े सहित कुल 35 मवेशी बरामद किए। मौके पर मिले काशीराम ने मवेशियों को बाहर भेजने के लिए वाहन का इंतजार करने की जानकारी पुलिस को दी।

गौशाला में रखवाए गए मवेशी, वाहन भी जब्त

पुलिस ने चारों स्थानों से बरामद 96 मवेशियों को विधिवत जब्त कर ग्राम लपटा स्थित गौशाला में सुरक्षित रखवाया है तथा उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। मौके से बरामद पिकअप वाहन को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षार्थ रखा गया है।

पुलिस के अनुसार मवेशियों को पर्याप्त चारा-पानी उपलब्ध नहीं कराया गया था और उन्हें कीचड़ में रस्सियों से बांधकर रखा गया था। मामले में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(घ), 11(1)(ङ) तथा मध्यप्रदेश कृषक पशु परिरक्षणअधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत चार पृथक प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

पुलिस अब मवेशियों को एक स्थान से दूसरे स्थान ले जाने की तैयारी और इस कार्य में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला