home page

छग : चार अलग-अलग प्रकरणों में नशे का सामान बेचते एक महिला समेत 12 आरोपित गिरफ्तार

 | 
छग : चार अलग-अलग प्रकरणों में नशे का सामान बेचते एक महिला समेत 12 आरोपित गिरफ्तार


छग : चार अलग-अलग प्रकरणों में नशे का सामान बेचते एक महिला समेत 12 आरोपित गिरफ्तार


छग : चार अलग-अलग प्रकरणों में नशे का सामान बेचते एक महिला समेत 12 आरोपित गिरफ्तार


छग : चार अलग-अलग प्रकरणों में नशे का सामान बेचते एक महिला समेत 12 आरोपित गिरफ्तार


रायपुर, 22 मार्च (हि.स.)। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग प्रकरणों में कुल 12 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों में 11 पुरुष एवं एक महिला शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 42 किलोग्राम गांजा, 2200 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट तथा 1.53 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स जब्त किया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।

यह संयुक्त कार्रवाई पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त मध्य उमेश प्रसाद गुप्ता, पुलिस उपायुक्त पश्चिम) संदीप पटेल तथा पुलिस उपायुक्त उत्तर मयंक गुर्जर के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार, पहला मामला थाना कोतवाली क्षेत्र का है, जहां एक मेडिकल स्टोर संचालक सहित तीन आरोपितों को 1700 नग प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टेबलेट के साथ गिरफ्तार किया गया। बिना वैध दस्तावेज के दवाओं की बिक्री किए जाने पर मेडिकल स्टोर को सील करने की कार्रवाई भी प्रस्तावित है। गिरफ्तार आरोपितों में कायमुद्दीन निवासी सुभाष नगर मौदहापारा रायपुर, दयाल कुमार उदासी निवासी तेलीबांधा रायपुर, मनीष आहूजा निवासी महावीर नगर थाना न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर है।

दूसरे प्रकरण में थाना गंज पुलिस ने दो युवकों को 1.53 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स के साथ पकड़ा। पूछताछ में आरोपितों ने ट्रेन के अटेंडर के माध्यम से नागपुर से ड्रग्स मंगाने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपितों में अनिकेत शुक्ला निवासी स्वर्णभूमि रायपुर, मीत अंदानी निवासी फाफाडीह रायपुर है।

तीसरे और सबसे बड़े प्रकरण में थाना पंडरी पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 42 किलोग्राम गांजा, एक चारपहिया वाहन, पांच मोबाइल फोन तथा एक लाख रुपये नकद जब्त किए गए। जांच में आरोपितों के महाराष्ट्र और ओडिशा से जुड़े नेटवर्क के संकेत मिले हैं। गिरफ्तार आरोपितों में कीर्तन खर्सेल निवासी-बैतल भांठा ओडिशा, प्रदीप जैन निवासी खमतराई रायपुर, मोहनपुर यादव निवासी- बरगढ ओडिशा, आकाश शिन्दे निवासी-मंचर पुणे महाराष्ट्र, गायत्री कलेत निवासी-ढोटीकोना महासमुन्द है।

चौथे प्रकरण में थाना डीडी नगर पुलिस ने दो आरोपितों को 500 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट नाइट्रोसन-10 के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि, पंडरी प्रकरण में गिरफ्तार कुछ आरोपित पूर्व में भी नारकोटिक्स मामलों में संलिप्त रहे हैं और फरार चल रहे थे। वहीं, एक आरोपित हिस्ट्रीशीटर भी है, जिस पर पूर्व में मारपीट एवं नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपितों में गोपाल आशुदानी निवासी आर.डी.ए. कॉलोनी डिपरापारा डी.डी.नगर रायपुर, आलोक दुबे उर्फ शुभम निवासी चंगोराभाठा रायपुर है।

कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट द्वारा अब तक 24 प्रकरणों में 56 आरोपितों की गिरफ्तारी की जा चुकी है तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत करीब 1 करोड़ 72 लाख रुपये की मशरूका जब्त की गई है। शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर