home page

छग : जशपुर में गौ-तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 65 गौवंश मुक्त; एक आरोपित गिरफ्तार

 | 
छग : जशपुर में गौ-तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 65 गौवंश मुक्त; एक आरोपित गिरफ्तार


कंटेनर में ठूंस-ठूंसकर भरे गए थे गौवंश, दो की मौत; तस्करी में प्रयुक्त ट्रक और रेकी कर रही कार जब्त

जशपुर, 10 अक्टूबर (हि. स.)। जशपुर पुलिस ने आज शनिवार को ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौ-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 65 गौवंशों को मुक्त कराया है।

पुलिस ने इस मामले में झारखंड निवासी 34 वर्षीय रेहान अंसारी को गिरफ्तार किया है। गौवंशों को कंटेनर में अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था, जिनमें से दो की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक और रास्ते की रेकी कर रही कार को भी जब्त किया है। कार से जुड़ा एक संदिग्ध फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, आज शनिवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि ,अंबिकापुर की ओर से एक कंटेनर में बड़ी संख्या में गौवंश भरकर बगीचा के रास्ते झारखंड ले जाए जा रहे हैं। सूचना पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एसडीओपी निमितेश सिंह, निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू और उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत सहित पुलिस टीम ने ग्राम पेटा में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

सुबह करीब 4:30 बजे संदिग्ध कंटेनर पहुंचा। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन रोकने के बजाय दूसरे रास्ते से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर ग्राम खंटाडांड़ में कंटेनर को रोक लिया। तलाशी के दौरान उसमें 65 गौवंश मिले। इनमें दो मृत पाए गए। चालक रेहान अंसारी गौवंशों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने सभी गौवंशों को बरामद कर पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया तथा मृत पशुओं का विधिवत अंतिम संस्कार कराया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपित ने अंबिकापुर की ओर से झारखंड जाने की बात बताई है। मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस उनकी पहचान और तलाश में जुटी है। थाना बगीचा में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 एवं 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) तथा बीएनएस की धारा 325 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

98 मामलों में 1108 गौवंश मुक्त

जशपुर पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक गौ-तस्करी के 98 मामलों में कार्रवाई कर 1108 गौवंशों को मुक्त कराया गया है। इस दौरान 131 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया और तस्करी में प्रयुक्त 36 वाहन जब्त किए गए हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गौ-तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर