home page

गुठनी में स्मैक के 110 पुड़िया के साथ तीन गिरफ्तार

 | 
गुठनी में स्मैक के 110 पुड़िया के साथ तीन गिरफ्तार


सीवान, 09 अप्रैल (हि.स.)। सीवान जिले में नशा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीवान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुठनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 110 पुड़िया स्मैक के साथ तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।

एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि गुठनी थाना को सूचना मिली कि गुठनी चौराहा के पास अवैध रूप से स्मैक की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान मौके से 110 पुड़िया स्मैक बरामद की गई तथा तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपिताें में यूपी के देवरिया जिले के नरेंद्र सिंह का पुत्र अभय कुमार सिंह,गुठनी थाने के गोहसरा निवासी स्व. लालगीरि पटेल का पुत्र अनिल पटेल एवं गुठनी थाने के जलेसर निवासी मोहन राजभर का पुत्र संतोष राजभर शामिल है।

तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास से एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा 2000 रुपये नकद भी जब्त किए हैं, जिन्हें अवैध कारोबार से जुड़ा माना जा रहा है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपित संतोष राजभर का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ गुठनी थाना में पूर्व में भी कई कांड दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की भी तलाश में जुट गई है।

इस मामले में गुठनी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

छापेमारी टीम में गुठनी थानाध्यक्ष सुनील कुमार, एसआई रंजीत कुमार, एसआई रीता देवी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे, जिनकी सतर्कता से यह कार्रवाई सफल हो सकी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma