home page

अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई: 2 लाख लीटर से अधिक वॉश नष्ट किए 605 लोग गिरफ्तार

 | 
अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई: 2 लाख लीटर से अधिक वॉश नष्ट किए 605 लोग गिरफ्तार


जयपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान आबकारी विभाग द्वारा प्रदेशभर में अवैध मदिरा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत मार्च माह में व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 2 लाख 5 हजार 146 लीटर वॉश नष्ट किया गया, वहीं 820 प्रकरण दर्ज कर 605 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने बताया कि अवैध मदिरा के निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान भारत निर्मित विदेशी मदिरा की 8114, देशी मदिरा की 4168, अवैध मदिरा की 4621 तथा बीयर की 10566 बोतलें जब्त की गईं।

अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (पॉलिसी) प्रदीप सिंह सांगावत एवं अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (प्रशासन) अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है। अभियान के तहत अवैध मदिरा के परिवहन में प्रयुक्त 12 दुपहिया, 6 हल्के चार पहिया और 2 भारी चार पहिया सहित कुल 20 वाहनों को भी जब्त किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश