सातमेरी डोक नदी घाट पर अवैध बालू खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, एक दर्जन से अधिक नावें ध्वस्त
किशनगंज, 11 जुलाई (हि.स.)। जिले में पोठिया प्रखंड के छत्तरगाछ क्षेत्र स्थित सातमेरी डोक नदी घाट पर शनिवार को जिला प्रशासन ने अवैध बालू खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कसा। खनन विभाग, अंचल प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल के साथ डोक नदी के विभिन्न घाटों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान सातमेरी घाट पर अवैध बालू खनन में प्रयुक्त बांस, बत्ती एवं फोम से निर्मित एक दर्जन से अधिक नावों को जेसीबी मशीन से मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा नदी किनारे बंधी एक लोहे की नाव को भी प्रशासन ने जब्त कर जेसीबी से तोड़कर नष्ट कर दिया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया, जबकि बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए। छापेमारी के दौरान गुवाबाड़ी घाट पर प्रशासनिक टीम को देखते ही खनन में लगे लोग लोहे की नाव को खोलकर नदी में बहाने का प्रयास करने लगे।
हालांकि पुलिस की सतर्कता के कारण उनका प्रयास विफल हो गया। पुलिसकर्मी दूसरे नाव की सहायता से नदी में उतरे और उक्त नाव को कब्जे में लेकर सातमेरी घाट पहुंचाया, जहां उसे भी जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। इसी अभियान के दौरान पहाड़कट्टा थाना अध्यक्ष फुलेंद्र कुमार ने खजुरबाड़ी घाट से अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर भी जब्त किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध बालू खनन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी अभियान में खनन पदाधिकारी इखलाख हुसैन, खनन निरीक्षक सुनील कुमार, प्रखंड राजस्व पदाधिकारी मनोज चौधरी, पोठिया थाना अध्यक्ष कैप्टन संजय कुमार, पहाड़कट्टा थाना अध्यक्ष फुलेंद्र कुमार, छत्तरगाछ पुलिस कैंप प्रभारी शैलेश कुमार सहित खनन विभाग, अंचल प्रशासन एवं पुलिस बल के एक दर्जन से अधिक अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

