16 करोड़ के 3.13 टन गांजा तस्करी नेटवर्क का बड़ा खुलासा, चार और आरोपित गिरफ्तार
बलरामपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। बलरामपुर पुलिस और ओडिशा एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे ओडिशा के चार आरोपिताें को आज गुरुवार को गिरफ्तार किया गया है। ये आरोपित वर्ष 2025 और 2026 में बसंतपुर थाना क्षेत्र से जब्त 3.139 टन गांजा की खेप ट्रकों में लोड कराने में शामिल थे। दोनों मामलों में अब तक कुल नौ आरोपिताें की गिरफ्तारी हो चुकी है।
बलरामपुर पुलिस से आज गुरूवार काे जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलरामपुर पुलिस और एसटीएफ भुवनेश्वर (ओडिशा) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तस्करी गिरोह के चार और सदस्यों को आज गुरूवार काे गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपित ओडिशा के कंधमाल जिले के रहने वाले हैं और गांजा की खेप ट्रकों में लोड कराने की भूमिका निभाते थे।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बसंतपुर थाना क्षेत्र में 29 दिसंबर 2025 को एक ट्रक से 1198.460 किलोग्राम और 11 जून 2026 को दूसरे ट्रक से 1941.110 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। दोनों मामलों में कुल 3139.570 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 करोड़ रुपये बताई गई है।
संयुक्त जांच के दौरान गिरफ्तार ट्रक चालक और अन्य आरोपिताें से पूछताछ में तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ। तकनीकी साक्ष्यों, जीपीएस लोकेशन और आरोपिताें की निशानदेही के आधार पर पता चला कि ओडिशा के लोपा ढाबा क्षेत्र के पास स्थानीय लोगों की मदद से ट्रकों में गांजा लोड किया गया था।
इसी दौरान ओडिशा एसटीएफ ने 24 जून 2026 को एक अन्य कार्रवाई में गांजा के साथ गिरफ्तार आरोपित नीलाम्बर कंहार से पूछताछ की। उससे मिली जानकारी के आधार पर बलरामपुर पुलिस ने चार आरोपिताें के खिलाफ न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया। पूछताछ और पहचान परेड के बाद चारों ने ट्रकों में गांजा लोड कराने में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान दुर्वीशा साहू (46), सुभुधी साहू (40), अरुणकुमार राणा (34) और प्रकाश खड़ंगा (35) के रूप में हुई है। सभी आरोपी ओडिशा के कंधमाल जिले के निवासी हैं। आज गुरूवार काे सभी आराेपिताें काे जेल भेज दिया जायेगा।
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई के साथ दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपिताें की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। मामले में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

