home page

सुल्तानगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कंटेनर से 39 भैंसें बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
सुल्तानगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कंटेनर से 39 भैंसें बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार


भागलपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। जिले के सुल्तानगंज थाना पुलिस को पशु तस्करी के खिलाफ अभियान में एक बड़ी सफलता मिली है।

मिरहट्टी फोरलेन के पास की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से क्रूरतापूर्वक ले जाई जा रही 39 भैंसों को बरामद किया है।

मौके से दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बांका के धौरिया की तरफ से एक कंटेनर में भारी संख्या में मवेशियों को लादकर खगड़िया के मानसी ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मिरहट्टी फोरलेन के पास नाकेबंदी कर दी। मंगलवार की देर रात करीब 10 बजे पुलिस ने एक संदिग्ध कंटेनर ट्रक को रोककर जब उसकी तलाशी ली, तो उसमें ठूंस-ठूंस कर लदी 39 भैंसें मिलीं। पुलिस ने तुरंत सभी मवेशियों को अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने मौके से कंटेनर चालक और एक पशु तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ताहिर शेख देवघर और मोहम्मद मकबुल मानसी, खगड़िया के रूप में हुई है। इस छापेमारी अभियान में थानाध्यक्ष के साथ भारी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल थे।

पुलिस ने मवेशियों और कंटेनर को जब्त कर लिया है और आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर