home page

मंदसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 700 जिंदा कारतूस और 2 पिस्टल के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

 | 
मंदसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 700 जिंदा कारतूस और 2 पिस्टल के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार


मंदसौर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भानपुरा थाना पुलिस और भैसोदामंडी चौकी की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, 700 जिंदा कारतूस और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 4 लाख 26 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 26 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मालीपुरा तिराहे पर चार व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामसनेही मिश्रा और एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में आदिल मिर्जा (22), निवासी भवानीमंडी (राजस्थान), रिहान (19), निवासी मालीपुरा, इरफान (28) और फरमान अली (76), दोनों निवासी सीतामऊ शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से दो पिस्टल की कीमत 40 हजार रुपये, 700 जिंदा कारतूस की कीमत 3 लाख 15 हजार रुपये और चार मोबाइल फोन की कीमत 71 हजार रुपये आंकी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हथियार और कारतूस कहां से लाए थे तथा इन्हें कहां सप्लाई किया जाना था। इसके लिए आरोपियों के बैंक ट्रांजेक्शन और कॉल डिटेल की जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी फरमान अली और इरफान के खिलाफ सीतामऊ थाने में वर्ष 2019 में एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज होने का रिकॉर्ड है। इस कार्रवाई में भानपुरा थाना प्रभारी विनय बुंदेला, उपनिरीक्षक धर्मेश यादव सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया