home page

मंदसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 किलो ब्राउन शुगर सहित पांच आरोपी गिरफ्तार

 | 
मंदसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 किलो ब्राउन शुगर सहित पांच आरोपी गिरफ्तार


मंदसौर, 31 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में नईआबादी थाना पुलिस द्वारा सुनियोजित कार्यवाही करते हुए एक अंतर्राज्यीय ड्रग्स तस्कर गिरोह का पदार्फाश करते हुए 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने रविवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि नई आबादी पुलिस को आज विश्वसनीय मुखबिर सूचना प्राप्त होने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा विशेष टीम गठित की गई जो टीम के द्वारा रणनीतिक रूप से घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 20 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ (ब्राउन शुगर) बरामद की गयी तथा थाना नई आबादी पर आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 89/26 धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट का पंजीबद्ध किया गया। पुलिस द्वारा तस्करी व पायलटिंग में प्रयुक्त कुल दो चार पहिया वाहन जप्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी तकनीकी एवं साइबर विश्लेषण के माध्यम से जांच की जा रही है। प्ररंभिक पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय होकर मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त थे। गिरोह के अन्य सदस्यों, सप्लायर नेटवर्क एवं वित्तीय लेनदेन के संबंध में विस्तृत जांच जारी है।

मामले में पुलिस ने हेमंत पुत्र पूनम चंद्र वर्मा उम्र 50 वर्ष निवासी सृष्टि परिसर भानगढ़ का रोड इंदौर, मोना पत्नी स्वर्गीय रमेश सेन उम्र 48 वर्ष निवासी नंदा नगर पाटनीपुरा इंदौर, राहुल पुत्र लक्ष्मण लाल मीणा उम्र 36 वर्ष माली खेड़ा प्रतापगढ़ राजस्थान , सुभाष उर्फ पिंटू पुत्र भंवरलाल नाहर जाति गुर्जर उम्र 46 वर्ष निवासी ४/४५ हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी प्रतापगढ़ राजस्थान और जितेंद्र उर्फ कारू पुत्र मांगीलाल मीणा उम्र 35 वर्ष निवासी माली का खेड़ा प्रतापगढ़ राजस्थान को गिरफ्तार किया है वहीं एक आरोपी अजीज उर्फ एजाज निवासी प्रतापगढ़ राजस्थान अभी फरार है। उक्त महत्वपूर्ण कार्यवाही में उप निरीक्षक कुलदीप सिंह राठौर थाना प्रभारी नई आबादी तथा नई आबादी पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया