home page

मजदूरी दिलाने के बहाने ले जाकर की थी हत्या, आरोपित को आजीवन सश्रम कारावास

 | 

खाचरौद, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नागदा बस स्टैंड से मजदूरी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति को अपने साथ ले जाने और बाद में जंगल में पत्थर से हमला कर उसकी हत्या करने वाले आरोपी को खाचरौद न्यायालय ने आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। शनिवार देर रात मिले आदेश के अनुसार अपर सत्र न्यायाधीश नीतू कांता वर्मा ने आरोपित बनेसिंह पिता विक्रम बोडाना (22), निवासी ग्राम नावटिया, थाना खाचरौद को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत दोषी ठहराते हुए पांच हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।

अभियोजन के अनुसार, 25 जुलाई 2023 को भाटपचलाना थाने में बनेसिंह ने सूचना दी थी कि वह नागदा बस स्टैंड से एक व्यक्ति को मजदूरी दिलाने का झांसा देकर अपनी बाइक पर बैठाकर खाचरौद लाया था। इसके बाद वह उसे ग्राम मड़ावदा ले गया। इस दौरान दोनों ने अलग-अलग स्थानों पर शराब पी।

बताया गया कि ग्राम अंतलवासा से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे उस व्यक्ति ने बाथरूम जाने के बहाने बाइक रुकवाई। इसी दौरान उसने बनेसिंह को थप्पड़ मारा और बाइक लेकर खेत की ओर भागने लगा। बनेसिंह ने उसका पीछा किया। खेत में पहुंचने पर वह कीचड़ में गिर गया। इसके बाद बनेसिंह ने भारी पत्थर उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और अपने पिता को घटना की जानकारी दी। बाद में दोनों थाने पहुंचे।

पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर विवेचना की और साक्ष्य जुटाने के बाद न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की दलीलों और प्रस्तुत साक्ष्यों से सहमत होकर न्यायालय ने आरोपित को दोषी करार देते हुए आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई।

मामले में उपनिदेशक अभियोजन राजेंद्र कुमार खांडेकर के मार्गदर्शन में विशेष लोक अभियोजक सुनील परमार ने पैरवी की। अभियोजन मीडिया सेल प्रभारी कुलदीप सिंह भदौरिया ने न्यायालय के फैसले की जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / Ravindra singh Raghuvanshi