home page

परसिया नहर पुल के समीप खून से लथपथ मिला युवक, आंख में गंभीर चोट

 | 
परसिया नहर पुल के समीप खून से लथपथ मिला युवक, आंख में गंभीर चोट


सीवान, 08 सितंबर (हि.स.)। जिले के मैरवा-गुठनी नहर मार्ग पर परसिया पुल के समीप मंगलवार की सुबह गश्ती के दौरान पुलिस ने सड़क किनारे एक युवक को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा।

पुलिस ने तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घायल की पहचान गुठनी थाना क्षेत्र के ताली गांव निवासी रामेश्वर पांडेय के पुत्र भोला पांडेय के रूप में बतायी जा रही है। उसकी आंख में गंभीर चोट लगी है।

जानकारी के अनुसार, भोला पांडेय बाइक से जा रहा था और उसके साथ दो अन्य लोग भी मौजूद थे। दोनों युवक उसी गांव के बताए जा रहे हैं। घटना के बाद दोनों के मौके से फरार होने की बात सामने आ रही है। इसके बाद घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं कि आखिर घायल युवक को सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में छोड़कर उसके साथ मौजूद दोनों लोग क्यों चले गए।

बताया जा रहा है कि भोला पांडेय सब्जी लेकर अपने घर जा रहा था। घटनास्थल के आसपास सब्जी बिखरी हुई मिली है। हालांकि उसे चोट कैसे लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। दुर्घटना हुई या किसी अन्य कारण से युवक घायल हुआ, इसकी भी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घायल युवक के साथ बाइक पर मौजूद दोनों लोगों की भूमिका और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

दोनों के सामने आने और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इधर, स्थानीय लोगों ने मैरवा-गुठनी नहर मार्ग पर पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि नहर मार्ग के सुनसान हिस्सों में नियमित पुलिस गश्ती होने से आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma