home page

रायगढ़ : फरार ऑनलाइन सट्टा का मुख्य आरोपित ने किया आत्मसमर्पण

 | 
रायगढ़ : फरार ऑनलाइन सट्टा का मुख्य आरोपित ने किया आत्मसमर्पण


रायगढ़, 14 मई (हि.स.)। जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन सट्टा के अवैध कारोबार से जुड़े आरोपिताें पर लगातार हो रही सख्त कार्रवाई का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। पुलिस की लगातार दबिश, गिरफ्तारी और तकनीकी जांच से बढ़े खौफ के बीच ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का मुख्य आरोपित पिंटू हलवाई (उम्र 43 साल) निवासी चांदमारी रायगढ़ आज गुरुवार को स्वयं पुलिस कार्यालय पहुंचा और पुलिस के समक्ष आत्‍मसमर्पण कर द‍िया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पिंटू हलवाई ने एसएसपी के समक्ष अपराध से तौबा करते हुए मुख्यधारा से जुड़कर नया जीवन शुरू करने की इच्छा जताई। आरोपित ने स्वीकार किया कि पुलिस की लगातार कार्रवाई और उसके नेटवर्क से जुड़े साथियों की गिरफ्तारी के बाद वह भयवश रायगढ़ छोड़कर उत्तराखंड भाग गया था। गिरफ्तारी के डर से उसने अपना मोबाइल फोन भी नष्ट कर दिया था, लेकिन रायगढ़ पुलिस की लगातार कार्रवाई और बढ़ते दबाव के

कारण आखिरकार उसने स्वयं सामने आकर आत्मसमर्पण किया। आरोपी को थाना कोतवाली पुलिस के सुपुर्द किया गया।

थाना कोतवाली में दर्ज अपराध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह अपनी पत्नी, भतीजे और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क संचालित कर रहा था। व्हाट्सऐप कॉलिंग के जरिए ग्राहकों से संपर्क किया जाता था और यूपीआई के माध्यम से रकम का लेन-देन किया जाता था। आरोपित से नकदी 2000 रूपये की जब्ती की गई है ।

उल्लेखनीय है कि गत दिनों थाना साइबर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपित के नेटवर्क से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड, सट्टा संचालन से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, 2 लाख 69 हजार रुपये नकद तथा नोट गिनने की मशीन, महंगे मोबाइल बरामद की गई थी। इन सभी मामलों में पिंटू हलवाई मुख्य आरोपित के रूप में फरार था, जिसे कार्रवाई उपरांत न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान