प्रतिबंधित कफ सिरप तस्करी में फरार 25 हजार का इनामी मुख्य आरोपित गिरफ्तार
कानपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपित को पुलिस ने करीब दस महीने बाद शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से अवैध दवा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच को नई गति मिलेगी।
डीसीपी अपराध श्रवण कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि 10 अक्टूबर 2025 को औषधि निरीक्षक ओमपाल सिंह की तहरीर पर कलक्टरगंज थाने में प्रतिबंधित कफ सिरप के अवैध कारोबार का मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान वेदप्रकाश शिवहरे को इस गिरोह का मुख्य आरोपित पाया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह लगातार फरार था, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस टीम लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी थी। सूचना और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस मामले में गिरोह से जुड़े विनोद अग्रवाल, शिवम अग्रवाल, सुमित केसरवानी, विशाल सिंह और प्रभात खरे को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच में जुटी है।
डीसीपी अपराध ने कहा कि प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर सभी जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

