मैहरः आठवीं की छात्रा का अपहरण कर दो बदमाशों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, दोनों गिरफ्तार
मैहर, 18 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के अमरदा थाना क्षेत्र में दो बदमाशों ने स्कूल के बाहर से कक्षा आठवीं की छात्रा का अपहरण किया और स्कूल से दूर एक बंद मकान में लेकर जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने शनिवार को छात्रा को बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 13 साल की छात्रा शुक्रवार सुबह 10 बजे अपने घर से महज 100 मीटर दूर स्थित स्कूल गई थी। जब वह शाम करीब 5 बजे तक घर नहीं पहुंची, तो परिजन को चिंता हुई। परिजन ने पहले आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं तो रात करीब 9 बजे परिजन ने झुकेही चौकी में गुमशुदगी और अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम गठित कर इलाके में तलाश शुरू की गई। शनिवार सुबह पुलिस टीम झुकेही तालाब के पास बसोर बस्ती में सर्च कर रही थी। इसी दौरान एक बंद घर से हलचल और आवाजें सुनाई दीं। पुलिस ने शक होने पर तुरंत दबिश दी। अंदर से बच्ची को संदिग्ध हालत में बरामद किया। बरामदगी के बाद पीड़िता ने पुलिस को पूरी घटना बताई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म की धाराएं जोड़ दीं। बच्ची को मेडिकल जांच और काउंसलिंग के लिए भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें सनी कोहली (25), निवासी झुकेही और गोलू उर्फ दीपक बसोर (38), निवासी झुकेही शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि दीपक बसोर कटनी जिले का निगरानीशुदा बदमाश है। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच जारी है। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में तेजी से चार्जशीट तैयार की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना में कोई और आरोपी तो शामिल नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

