home page

भाटी माइंस में 13 वर्षीय छात्र की गला घोंटकर हत्या, जंगल में मिला शव, दोस्तों संग खेलने निकला था

 | 
भाटी माइंस में 13 वर्षीय छात्र की गला घोंटकर हत्या, जंगल में मिला शव, दोस्तों संग खेलने निकला था


नई दिल्ली, 06 मई (हि.स.)। दक्षिण दिल्ली के भाटी माइंस इलाके में 13 वर्षीय छात्र की गला घोंटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। छात्र मंगलवार शाम दोस्तों के साथ खेलने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तलाश शुरू की तो उसका शव पास के जंगल क्षेत्र से बरामद हुआ। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस के अनुसार मृतक नौवीं कक्षा का छात्र था और परिवार के साथ भाटी माइंस क्षेत्र में रहता था। मंगलवार शाम वह रोज की तरह घर से दोस्तों के साथ खेलने के लिए निकला था। देर रात तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना देकर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

दक्षिजण जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बुधवार काे बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया और आसपास के इलाकों के साथ जंगल क्षेत्र में भी तलाश की गई। इसी दौरान पुलिस टीम को पास के जंगल में छात्र का शव पड़ा मिला। शव की हालत देखकर हत्या की आशंका जताई गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्र की गला घोंटकर हत्या की गई है। हालांकि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। छात्र के दोस्तों, परिचितों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि छात्र आखिरी बार किसके साथ देखा गया था। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में दाे नाबालिग आरोपितों को हिरासत में लिया गया है।जिनसे पूछताछ की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी