home page

मैहरः सोते समय किसान का गला रेत कर हत्या, परिवार पर भी जानलेवा हमला

 | 
मैहरः सोते समय किसान का गला रेत कर हत्या, परिवार पर भी जानलेवा हमला


मैहर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के सोनवारी गांव में शनिवार की रात नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर किसान की हत्या कर दी।

खेत में बने घर के बरामदे में सो रहे 40 वर्षीय रज्जन सिंह पटेल का धारदार हथियार से गला काट दिया गया। हमलावरों ने चीख-पुकार सुनकर बाहर आए परिवार अन्य सदस्यों को भी नहीं बख्शा। पत्नी, बच्चों और बुजुर्ग दादी पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। वारदात के बाद बदमाश घर से गहने और अन्य कीमती सामान लेकरफरार हो गए। एक ही परिवार पर हमले और हत्या की इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात 12:30 बजे रज्जन सिंह पटेल अपने खेत में बने मकान के बरामदे में खाट पर सो रहे थे। करीब इसी परिवार के अन्य सदस्य घर के अंदर थे। दौरान करीब आधा दर्जन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और रज्जन पर कुल्हाड़ी सहित धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गले पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौतहो गई।चीख-पुकार सुनकर बाहर आए परिजन, सभी पर हमला-मृतक की पत्नी अंजना सिंह पटेल के मुताबिक, पति पर हमला होने के दौरान शोर सुनकर वह अपनी आठ वर्षीय बेटी रागनी सिंह पटेल, 12 वर्षीय बेटे अनिकेत पटेल और बुजुर्ग दादी लल्ली सिंह पटेल के साथ बाहर निकलीं। हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। अंजना के सिर, लल्ली सिंह के सिर और आंख तथा रागनी के सिर में चोट आई,जबकि अनिकेत को मामूली चोट लगी। घायलों को उपचार के लिए मैहर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य-घटना की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह और कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डायल-112 की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटनास्थल की जांच शुरू की। फोरेंसिक अधिकारी डॉ. महेंद्र पटेल ने अपनी टीम के साथ मौके से साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि, उनकी भूमिका और गिरफ्तारी की स्थिति की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

लूट के पीछे हत्या या पहले से थी कोई रंजिश?

वारदात में हत्या के साथ घर से गहने और कीमती सामान ले जाने की बात सामने आई है। ऐसे में पुलिस के सामने यह पता लगाना अहम है कि बदमाशों का मुख्य उद्देश्य लूट था या घटना के पीछे कोई अन्य वजह भी है। हमलावरों की पहचान, उनकी संख्या, वारदात में इस्तेमाल हथियार और लूटे गए सामान का पूरा ब्योरा जांच के महत्वपूर्ण बिंदु हैं। फिलहाल हत्या और लूट के मामले में पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी