मैहर : सतर्क नागरिकों की सूचना पर नशीली कफ सिरप के साथ आरोपी गिरफ्तार
मैहर, 28 अगस्त (हि.स.)। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अमरपाटन थाना पुलिस ने अवैध नशीली कफ सिरप की तस्करी के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 152 शीशी नशीली कफ सिरप, एक कार, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 5 लाख 90 हजार 628 रुपये बताई गई है।
पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी अमरपाटन निरीक्षक विजय परस्ते के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम छैरहा पहाड़ कॉलोनी में बीती देर रात ग्रामीणों ने एक इको कार में सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा। संदेह होने पर ग्रामीणों ने कार की जांच की, जिसमें एक बोरी में आनरेक्स नशीली कफ सिरप की शीशियां मिलीं। ग्रामीणों ने कार सवार सुजीत पटेल पिता अच्छेलाल पटेल निवासी तिखवा, थाना पपौंध, जिला शहडोल तथा उसके साथ मौजूद एक विधि-विरुद्ध बालक को पकड़ लिया।
इसी दौरान मोटरसाइकिल से पहुंचे तीन अन्य संदिग्ध व्यक्ति मौके से मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर अमरपाटन पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपितों के कब्जे से नशीली कफ सिरप सहित अन्य सामग्री जब्त की।
पुलिस ने इस मामले में थाना अमरपाटन में अपराध क्रमांक 472/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8, 20, 21, 22 तथा म.प्र. ड्रग कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। फरार तीन आरोपितों की तलाश की जा रही है।
जनचौपाल से मजबूत हो रहा पुलिस-जनता संवाद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रीवा जोन में चलाए जा रहे जनचौपाल कार्यक्रम से पुलिस और आमजन के बीच संवाद लगातार मजबूत हो रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई में भी सामने आ रहे हैं।
जनचौपाल के माध्यम से नागरिकों में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ी है। आमजन अब नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार से जुड़ी सूचनाएं पुलिस तक पहुंचा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जनता और पुलिस की सहभागिता से नशे के विरुद्ध अभियान को मजबूती मिल रही है और समाज को नशामुक्त बनाने के प्रयासों को गति मिल रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

