home page

मैहर के यात्री निवास में 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

 | 
मैहर के यात्री निवास में 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत


मैहर, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मां शारदा के दर्शन और जन्मदिन मनाने मैहर पहुंची 22 वर्षीय युवती की देवीजी रोड स्थित आस्था यात्री निवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना सोमवार तड़के करीब चार बजे की बताई जा रही है। युवती जबलपुर से अपनी बहन और कुछ अन्य साथियों के साथ मैहर आई थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, युवती अपने परिजनों और दोस्तों के साथ सोमवार तड़के करीब तीन बजे मैहर पहुंची थी। सभी अलग-अलग कमरों में ठहरे हुए थे। इसी दौरान युवती की तबीयत अचानक बिगड़ गई। साथी उसे लेकर मैहर सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

मौत के बाद साथ आए युवक-युवतियां शव को अपने साथ ले जाने की जिद करने लगे, लेकिन चिकित्सकों ने पुलिस की मौजूदगी और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक शव सौंपने से इनकार कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के माता-पिता भी मैहर पहुंच गए हैं।

युवती की मौत अधिक रक्तस्राव के कारण होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी अभी चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस होटल में ठहरने, साथ आए लोगों तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

मैहर सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, मृतका के माता-पिता मैहर पहुंच चुके हैं। फिलहाल संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवती की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी