महोबा में पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार ,अंतर्राज्यीय ट्रैक्टर-ट्रॉली चोर गैंग का पर्दाफाश
महोबा, 08 मई (हि.स.)। यूपी के महोबा जनपद में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के कब्जे से चोरी का ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत तीन अन्य ट्रैक्टर, दो तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं।
शुक्रवार को जिले के पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने बताया कि चरखारी कस्बा के रायनपुर निवासी दीनदयाल ने 1 मई 2026 को चरखारी थाने में शिकायत दी थी कि 30 अप्रैल की रात उनका महिंद्रा 475 DI ट्रैक्टर ट्रॉली अज्ञात चोरों ने चुरा लिया। घटना को गंभीरता से लेते हुए चरखारी पुलिस, स्वॉट व सर्विलांस की टीम को लगाया गया।
एसपी ने बताया कि गुरुवार की रात पुलिस टीम गौरहारी व भटेवरा कलां के बीच टूटी पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। तभी संदिग्ध ट्रैक्टर ट्रॉली दिखाई दिए, जिन्हें रोकने पर रोकने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने मौके से तीन बदमाशों को दबोच लिया है।ट्रैक्टर-ट्रॉली बेचने के लिए बदमाश मध्यप्रदेश जा रहे थे और हथियारों से लैस थे।
एसपी ने बताया कि तीन बदमाशों को पकड़ा गया है। जिसमें गजेन्द्र बघेल और रंजीत बघेल निवासी ग्राम गौसपुर, थाना सरायछोला, मुरैना, मध्य प्रदेश दोनों मुठभेड़ में घायल हुए हैं जबकि इनके साथ ही एक अन्य बदमाश मुरैना निवासी ही रविन्द्र बघेल को गिरफ्तार किया गया है। बदमाशों के पास से चोरी का महिंद्रा ट्रैक्टर ट्रॉली, 2 तमंचे 315 बोर, 2 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस, 2 मोबाइल और नकदी बरामद हुई है। पूछताछ के बाद बदमाशों के कब्जे से गुढ़ा गांव के एक बाग से 3 और संदिग्ध ट्रैक्टर बरामद किए गए हैं ,इनमें 2 आयशर और 1 सोनालिका कंपनी का है।
गजेन्द्र बघेल का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार गजेन्द्र पर मुरैना में ट्रैक्टर चोरी और जयपुर में मारपीट के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य आरोपितों का भी आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली टीम में चरखारी थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह, स्वॉट प्रभारी शिवप्रताप सिंह सहित चरखा, स्वॉट व सर्विलांस की संयुक्त टीम शामिल रही है। एसपी ने टीम को इनाम देने की घोषणा की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

