home page

(संशाेधित) महोबा : भाजपा विधायक ने पकड़ी सरकारी बीज की चोरी, गोदाम प्रभारी समेत दो पर मुकदमा

 | 
(संशाेधित) महोबा : भाजपा विधायक ने पकड़ी सरकारी बीज की चोरी, गोदाम प्रभारी समेत दो पर मुकदमा


महोबा, 22 अक्टूबर (हि.स.)। बुंदेलखंड के महोबा जिले के चरखारी में सरकारी बीज गोदाम में चने के बीज की चोरी का मामला सामने आया है। बीज

चाेरी का खुलासा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने किया है। इस मामले में जिला कृषि अधिकारी की तहरीर पर गोदाम प्रभारी समेत दो के खिलाफ बीती रात बुधवार काे मुकदमा दर्ज किया गया है।

कृषि उप निदेशक राम संजीवन के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी प्रकाश चंद्र विश्वकर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। जिला कृषि अधिकारी ने गुरुवार काे बताया कि चरखारी स्थित राजकीय बीज गोदाम के प्रभारी सोने यादव और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राधेश्याम साहू द्वारा मनमाने ढंग से बीज भंडार से व्ययन किया जा रहा था। इसके साथ ही राधे श्याम के द्वारा गोदाम में रखे बीज को चोरी कर अन्यत्र भेजा जा रहा था।

चरखारी थाना प्रभारी राहुल मिश्रा ने बताया कि जिला कृषि अधिकारी की तहरीर पर गोदाम प्रभारी सोने यादव और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राधेश्याम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, मामले की जांच की जा रही है।

इस मामले में चरखारी क्षेत्र के किसान रामकिशोर, मुन्ना, नरेंद्र, समेत अन्य किसानों का आरोप है कि गोदाम प्रभारी सोने यादव किसानों को वितरित होने वाले उन्नत किस्म के चने के बीज को रात के अंधेरे में लोडर में भरकर बाहर भेज रहा था। जबकि दिन में गोदाम पर आने वाले किसानों को यह कहकर टरका दिया जाता था कि बीज खत्म हो गया है या अभी स्टॉक नहीं आया है।

किसानों का कहना है कि बीती रात बीज गोदाम से लोडर में बीज की बोरियां लोड होते हुए देख मौके पर जाकर जानकारी ली तो बीज को दूसरे गोदाम पहुंचाने की बात बताई गई, जिसके बाद किसानों ने चरखारी विधायक ब्रजभूषण राजपूत को सूचना दी। शिकायत मिलते ही विधायक बिना देर किए खुद ही मौके पर पहुंच गए। उन्होंने देखा कि एक लोडर में लगभग 100 बोरियां चने के बीज की लदी हुई हैं, जो गोदाम से बाहर ले जाई जा रही थीं। यह देख विधायक ने गोदाम प्रभारी को मौके पर बुलाया और पूछताछ शुरू की। गोदाम प्रभारी विधायक के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और गुमराह करने लगे। जिस पर विधायक का पारा चढ़ गया और उन्होंने गोदाम प्रभारी को फटकारते हुए कहा कि तुम अखिलेश यादव से मिले हुए हाे। विधायक द्वारा बीज चाेरी पकड़ने का उक्त मामला साेशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा