home page

कमरे में फांसी पर लटका मिला किन्नर का शव, हत्या की आशंका

 | 
कमरे में फांसी पर लटका मिला किन्नर का शव, हत्या की आशंका


कमरे में फांसी पर लटका मिला किन्नर का शव, हत्या की आशंका


महोबा, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में महोबा जनपद मुख्यालय में रविवार को एक किन्नर का संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से शव लटका मिला।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पाेस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है।

सदर कोतवाल मनीष कुमार पांडेय ने बताया कि रविवार को जनपद मुख्यालय के भटीपुरा मुहाल निवासी शिवनारायण के मकान में किराये का कमरा लेकर किन्नर राहुल उर्फ काजल (19) रहता था। 20 दिन पहले वाे यहां पर आया था। रविवार को जब काजल का कमरा नहीं खुला तो मकान मालिक ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला तो देखा कि किन्नर काजल का शव फांसी के फंदे से लटक रहा है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। वहीं, सुभाष नगर निवासी मृतक के भाई सूरज ने बताया कि साजिश के तहत उसके भाई राहुल की हत्या की गई है।

सदर कोतवाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी