home page

महोबा: काली माता मंदिर में हुई चोरी का 12 घंटे में खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार

 | 
महोबा: काली माता मंदिर में हुई चोरी का 12 घंटे में खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार


महोबा, 02 नवंबर (हि.स.)। यूपी के महोबा जनपद क ीसदर कोतवाली, एसओजी एवं सर्विलांस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने काली माता मंदिर में हुई चोरी की घटना का सोमवार को 12 घंटे के अंदर सफल अनावरण करते हुए एक चाेर को चोरी गए सामान समेत गिरफ्तार किया है। चाेर ने शनिवार की देर रात को काली माता मंदिर को निशाना बनाते हुए मातारानी के मुकुट और छत्रों पर हाथ साफ कर दिया था।

जनपद मुख्यालय के मुहाल कठकुलवापुरा, बंधानवार्ड स्थित छोटी चंद्रिका मंदिर के बगल में अवस्थित काली माता मंदिर के पुजारी विपिन चौरसिया ने डायल-112 पर सूचना दी थी कि काली माता की प्रतिमा पर लगे 03 मुकुट और 02 छत्र अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और थाना कोतवाली नगर में मुकदमा पंजीकृत किया गया। एसपी ने घटना के शीघ्र अनावरण के लिए कोतवाली और एसओजी एवं सर्विलांस की संयुक्त टीम गठित की।

कोतवाल वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सोमवार को बंधानवार्ड से वांछित अभियुक्त कालीचरण निवासी मोहल्ला राजीव नगर को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से चोरी गए सफेद धातु के 03 मुकुट, 02 छत्र, 200 रुपये नकद और एक मोटोरोला मोबाइल फोन बरामद हुआ है। अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी