स्विफ्ट कार की मांग को लेकर विवाहिता से मारपीट कर कमरे में किया बंद, मुकदमा दर्ज
-खाने में सूखी रोटी और नमक देने का आरोप
महोबा, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा में दहेज लोभियों के द्वारा विवाहिता को प्रताड़ित करने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दहेज की मांग पूरी न होने पर महिला को ससुरालियों ने दो दिन तक कमरे में बंद कर खाने में सिर्फ सूखी रोटी और नमक दिया। समझाने आए पिता के साथ भी ससुरालियों के द्वारा मारपीट की गई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार को आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
जनपद मुख्यालय के मुहाल भटीपुरा निवासी रेखा ने बताया कि उसका विवाह तीन दिसंबर 2023 को बांदा जिले के नरजिता गांव निवासी हरिओम प्रजापति के साथ हिन्दू रीति रिवाज से हुई थी। शादी में पिता ने हैसियत के अनुसार पांच लाख की नकदी, सोने चांदी के जेवरात, गृहस्थी व अन्य दान दहेज देकर विदा किया था।
पीड़िता ने बताया कि जब वह अपनी ससुराल पहुंची तो ससुरालीजन कम दहेज का ताना देने लगे। पति, सास गुड्डन, ननद पूजा, दीपा, आरती, ननदोई रामकुमार, फूफा बाबूलाल द्वारा उसका उत्पीड़न किया जाने लगा, लेकिन वह अपने दाम्पत्य जीवन को सुखी रखने के लिए सब कुछ सहन करती रही। बताया कि जब वह मायके पहुंची तो ससुरालियों द्वारा पिता को फोन कर दो लाख रूपये नगद और स्विफ्ट कार की और मांग की जाने लगी। पिता ने उन्हें समझा कर उसे वापस ससुराल भेज दिया। लेकिन ससुराल में उसका इन उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।
पीड़िता ने बताया कि पति वीडियो कॉल पर किसी से अश्लील बातें करता है , जिस पर उसका विवाद भी हुआ। परिजन कहते हैं कि एक ही लड़का है, यदि इसकी दूसरी शादी कर दें तो इससे ज्यादा दहेज मिल जाएगा। जब सास को पति के दूसरी जगह बात करने की बात बताई तो सास ने कहा कि वह होने वाली दूसरी पत्नी है और उसके परिजन दहेज में मोटी रकम देने को तैयार हैं।
इसके बाद ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की और दो दिनों तक कमरे में बंद रखा। मोबाइल भी छीन लिया और खाने में केवल सूखी रोटी व नमक देने लगे। एक दिन वह मौका पाकर घर से निकल आई और पड़ोसी के फोन से मायके में घटना की सूचना दी। जिस पर पिता 26 मार्च 2026 की शाम उसके घर पहुंचे और ससुरालियों को समझाया लेकिन वह मांग पर अड़े रहे और मांग पूरी न होने पर मारने , पीटने और प्रताड़ित करने की धमकी देते रहे। और इसके बाद उसे महोबा छोड़ गए। बुधवार को महिला थानाध्यक्ष निकिता शुक्ला ने बताया कि मंगलवार को पीड़िता ने तहरीर दी थी, जिसपर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

