एक साल की मासूम आराध्या की हत्या कर घंटों शव के पास खामोश बैठी रही हत्यारिन मां, पूंछताछ में कबूला जुर्म
महोबा, 04 नवंबर (हि.स.)। यूपी के महोबा जनपद में एक मां के द्वारा ममता का गला घोंटने का एक दिल दहला देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिस मां की गोद को एक साल की मासूम आराध्या के लिए सबसे सुरक्षित ठिकाना होना चाहिए था, वही गोद उसकी मौत का कारण बन गई।
जिले के चरखारी के मोहल्ला चिंतेपुरा में मंगलवार की शाम जो मंजर सामने आया, उसने पूरे मोहल्ले को सन्न कर दिया। तख्त पर एक साल की बच्ची की लाश पड़ी थी और पास में बैठी मां खामोश थी। बुधवार को पुलिस की सख्त पूछताछ में आखिरकार वो राज खुल गया, जिसका शक शुरू से ही था। मां पूजा ने कबूल कर लिया है कि उसी ने अपनी ही बेटी आराध्या की हत्या की है।
जनपद के चरखारी सीओ तेज प्रताप सिंह ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को कस्बा के चिंतेपुरा मुहाल निवासी दीपक ने घर पर मासूम भांजी आराध्य (1) पुत्री रमेश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना दी थी। जिस पर पुलिस के द्वारा मामले की गहनता से जांच की गई। जहां मासूम की मां पूजा ही अपनी बेटी का कातिल निकली। पूछताछ में महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
मृतिका के मामा दीपक के अनुसार मंगलवार की शाम जब वह घर पहुंचा तो वहां का नजारा देख उसके होश उड़ गए। तख्त पर मासूम का शव पड़ा था और पास में ही उसकी मां गुमशुम खामोश बैठी थी। जो कि कुछ भी नहीं बोल रही थी।
बताया कि पूजा का विवाह मध्य प्रदेश के छतरपुर जनपद के बघारी गांव निवासी रमेश के साथ हुआ था। उसकी पांच बेटियां हैं। पूजा अपनी चार बेटियों गुंजन (10) , काव्या (6) , आव्या (3) और आराध्या (1) के साथ अपने मायके में रह रही थी। जबकि बड़ी बेटी की पहले मौत हो चुकी है। पति रमेश दिल्ली में काम करता है और वह लगभग 6 माह पूर्व उसे मायके छोड़ गया था। परिजनों के अनुसार पति की बेरूखी से वह मानसिक तनाव में रहती थी।
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

