home page

जबलपुरः नगर निगम मजिस्ट्रेट ने किया डेरी परिसरों का निरीक्षण

 | 
जबलपुरः नगर निगम मजिस्ट्रेट ने किया डेरी परिसरों का निरीक्षण


जबलपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में नगर निगम मजिस्ट्रेट अरुण गोयल के नेतृत्व में गुरुवार को नगर निगम क्षेत्र में संचालित अवैध डेरी व्यवसाय के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान विभिन्न डेरी परिसरों का निरीक्षण किया गया, जहां लगभग 250 भैंसें पाई गईं। निरीक्षण के दौरान डेरी संचालक अमन यादव पर नगर निगम नियमों के उल्लंघन के आरोप में 5,000 रूपये का स्पॉट फाइन लगाया गया, साथ ही संबंधित मामले में एफ.आई.आर. दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।

एक अन्य डेयरी पर गंदगी पाई जाने पर 3000 रूपये का जुर्माना किया गया। नगर निगम ने सभी डेयरी संचालकों को 20 दिनों की अंतिम मोहलत देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर यदि डेरी को नगर निगम क्षेत्र से नहीं हटाया गया, तो संबंधित डेरी में मौजूद भैंसों को जब्त किया जाएगा तथा अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम ने कहा कि शहर में स्वच्छता बनाए रखने और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक