home page

मप्र के शिवपुरी में करोड़ों की चोरी, सीएम राइज स्कूल प्राचार्य के घर से आधा किलो सोना, 4 किलो चांदी और 10 लाख नकद पार

 | 
मप्र के शिवपुरी में करोड़ों की चोरी, सीएम राइज स्कूल प्राचार्य के घर से आधा किलो सोना, 4 किलो चांदी और 10 लाख नकद पार


सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे पहले बंद, रेकी के बाद वारदात की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

शिवपुरी, 23 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के बदरवास कस्बे में शुक्रवार रात हुई एक बड़ी चोरी की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। यहां अज्ञात चोरों ने सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य महेंद्र कुमार गुप्ता के घर को निशाना बनाते हुए करीब एक करोड़ रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

जानकारी अनुसार घटना बदरवास कस्बे के वार्ड क्रमांक-8 की है, जहां प्राचार्य महेंद्र कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ रहते हैं। वारदात के समय परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे और गहरी नींद में सो रहे थे। इसी दौरान चोर मकान के पीछे से पहुंचे और किचन की खिड़की की लोहे की ग्रिल तोड़कर घर में दाखिल हो गए।

परिवार सोता रहा, चोर अलमारी साफ कर गए

प्राचार्य महेंद्र कुमार गुप्ता के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे। घर में उनकी पत्नी गिरजा गुप्ता, बेटा हर्षित गुप्ता और बहू पूनम गुप्ता मौजूद थे। शनिवार सुबह करीब पांच बजे जब उनकी नींद खुली, तो घर के सामने वाले दोनों कमरों के दरवाजे अंदर से बंद मिले। शक होने पर उन्होंने बालकनी से बाहर झांककर देखा तो किचन की खिड़की की ग्रिल टूटी हुई दिखाई दी। इसके बाद घर के अंदर जाकर देखा गया तो अलमारी का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था।

आधा किलो सोना, 4 किलो चांदी और 10 लाख नकद चोरी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर अलमारी में रखे करीब 500 ग्राम सोने के जेवर (अनुमानित कीमत करीब 80 लाख), लगभग 4 किलो चांदी (अनुमानित कीमत लगभग 10-15 लाख) और 10 लाख रुपए नकद चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब एक करोड़ रुपए आंकी जा रही है। चोरी हुए सोने के आभूषणों में 16 अंगूठियां, 12 टोप्स, 4 मंगलसूत्र, एक हार, चूड़ियां, बाला, चैन और मोहर शामिल हैं। वहीं चांदी के जेवरों में 20 जोड़ी पायल, 4 हैवी पायल, 2 कमरपेटा और 1 अन्य पारंपरिक आभूषण खगुरिया शामिल हैं।

24 घंटे पहले बंद हो गए थे सीसीटीवी कैमरे

घटना के बाद जांच में एक महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे वारदात से करीब 24 घंटे पहले ही बंद हो गए थे। इससे पुलिस को आशंका है कि चोरों ने पहले घर की रेकी की और फिर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को मकान के पीछे स्थित करीब दो बीघा जमीन के पास एक सीढ़ी भी मिली है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि आरोपी उसी रास्ते से घर में दाखिल हुए थे।

परिवार के सदस्य डॉक्टर, इंजीनियर और बैंककर्मी

महेंद्र कुमार गुप्ता शासकीय शिक्षक होने के साथ सीएम राइज स्कूल में प्राचार्य पद पर पदस्थ हैं। उनके परिवार में दो बेटे और दो बहुएं हैं। परिवार के सदस्य अलग-अलग पेशों में कार्यरत हैं। एक बेटा और बहू डॉक्टर हैं, जबकि दूसरा बेटा इंजीनियर और उसकी पत्नी बैंककर्मी हैं।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बदरवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे