मधु विहार में बदमाशों ने बैग लूटकर की हवाई फायरिंग
नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स.)। मधु विहार थाना क्षेत्र में गुरुवार रात जोशी कॉलोनी, आईपी एक्सटेंशन इलाके में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक कारोबारी परिवार को निशाना बनाते हुए करीब एक लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। वारदात के दौरान बदमाशों ने हवाई फायरिंग की।
पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 10:30 बजे की है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सेक्टर-62, नोएडा में थोक एफएमसीजी कारोबार चलाते हैं। वह परिवार और एक कर्मचारी के साथ घर लौटे थे। जैसे ही वे रॉयल बैंक्वेट हॉल के पास गाड़ी से उतरकर घर की ओर बढ़ रहे थे, तभी बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे।
आरोपिताें में से एक ने पिस्टल निकालकर उन्हें धमकाया और उनके पास मौजूद बैग छीन लिया, जिसमें करीब एक लाख रुपये नकद थे। अचानक हुई इस वारदात से परिवार के लोग घबरा गए, लेकिन शोर सुनकर एक अन्य सदस्य ने हिम्मत दिखाते हुए कार से बदमाशों का पीछा किया।
पीछा करने के दौरान परिवार के सदस्य ने बदमाशों की बाइक को टक्कर भी मारी, लेकिन इसके बावजूद आरोपित मौके से भागने में सफल रहे। भागते समय उन्होंने हवाई फायरिंग की, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि जल्दबाजी में आरोपित लूटा हुआ बैग और वारदात में इस्तेमाल हथियार भी मौके पर फेंककर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही मधु विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपिताें की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

