home page

नशे की लत पूरी करने को करता था चोरी-झपटमारी, गांजा व चोरी की बाइक सहित दबोचा आरोपित

 | 
नशे की लत पूरी करने को करता था चोरी-झपटमारी, गांजा व चोरी की बाइक सहित दबोचा आरोपित


नई दिल्ली, 03 मई (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के मधु विहार थाना पुलिस ने नशा तस्करी और सड़क अपराधों के खिलाफ अभियान के तहत एक युवक को गांजा और चोरी की मोटरसाइकिल समेत गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान कल्याणपुरी निवासी 22 वर्षीय शिवा उर्फ जीवा के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 50.88 ग्राम गांजा तथा चोरी की एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 30 अप्रैल को कांस्टेबल परमोद और कांस्टेबल वीरेंद्र क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान आईपी एक्सटेंशन स्थित मेयो पब्लिक स्कूल के पास उत्सव ग्राउंड के निकट एक युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह घबराने लगा, जिस पर उसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से पॉलिथीन में रखा गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक मशीन से तौलने पर इसकी मात्रा 50.88 ग्राम निकली। जांच में पता चला कि आरोपित जिस मोटरसाइकिल पर सवार था, वह बिना नंबर प्लेट की चोरी की होंडा शाइन है, जो रानी बाग थाने में दर्ज वाहन चोरी के एक मामले से संबंधित निकली। पुलिस ने बाइक को भी जब्त कर लिया।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह गांजा और स्मैक का आदी है तथा नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी और झपटमारी की वारदात करता है। उसने करीब नौ महीने पहले रानी बाग इलाके से यह मोटरसाइकिल चोरी की थी और उसी का इस्तेमाल आवाजाही के लिए कर रहा था। उसने यह भी बताया कि वह गाजीपुर लैंडफिल के पास एक स्थानीय सप्लायर से गांजा खरीदता था।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मधु विहार थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही चोरी की बाइक बरामद होने के संबंध में अलग से कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस अब गांजा सप्लाई करने वाले नेटवर्क और आरोपित के अन्य साथियों की तलाश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी