home page

मधेपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3.5 किलो गांजा, 9.39 लाख नकद और बाइक के साथ तस्कर गिरफ्तार

 | 
मधेपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3.5 किलो गांजा, 9.39 लाख नकद और बाइक के साथ तस्कर गिरफ्तार


मधेपुरा, 03 मार्च (हि.स.)। होली से पहले जिले में चलाए जा रहे विशेष समकालीन अभियान के तहत मधेपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 03 किलो 500 ग्राम गांजा, 9 लाख 39 हजार 250 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल और तराजू के साथ एक कुख्यात तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय पटना और कोशी क्षेत्र के डीआईजी के निर्देश पर की गई।

पुलिस के मुताबिक खगड़िया जिले के चौथम थाना पुलिस ने सूचना दी कि पकड़े गए एक युवक ने बरामद गांजा श्याम गांव निवासी फूलचन्द मंडल के घर से लाने की बात स्वीकार की है। सूचना मिलते ही ग्वालपाड़ा थाना हरकत में आया और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उदाकिशुनगंज के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।

टीम ने ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के श्याम वार्ड संख्या-12 स्थित फूलचन्द मंडल के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान 3.5 किलो गांजा, 9.39 लाख रुपये नकद, एक मोबाइल, एक मोटरसाइकिल और एक तराजू बरामद किया गया। मौके से फूलचन्द मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया।

इस संबंध में ग्वालपाड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2025 में पस्तपार थाना में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था।

उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व को लेकर जिले में मादक पदार्थ तस्करों, शराब माफियाओं और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Prashant Kumar