home page

पिकअप से 711 लीटर विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार

 | 
पिकअप से 711 लीटर विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार


बक्सर, 14 अगस्त (हि.स.)। मद्य निषेध विभाग की टीम ने शुक्रवार को वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट स्थित ऊपरी पुल पर कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में हरियाणा निर्मित विदेशी शराब बरामद की। शराब को चीनी मिट्टी के क्षतिग्रस्त गमलों से ढककर ले जाया जा रहा था। जांच के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दोपहर में चेक पोस्ट पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर विधिवत जांच की गई। तलाशी के दौरान वाहन में लदे क्षतिग्रस्त चीनी मिट्टी के गमलों के नीचे छिपाकर रखी गई महंगी विदेशी शराब बरामद हुई।

बरामद शराब में रॉयल ग्रीन व्हिस्की की 40 पेटी, प्रत्येक पेटी में 750 एमएल की 12 बोतल, कुल 360 लीटर तथा रॉयल चैलेंज व्हिस्की की 39 पेटी, प्रत्येक में 750 एमएल की 12 बोतल, कुल 351 लीटर शराब शामिल है। इस प्रकार कुल 711 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख 53 हजार 200 रुपये बताई गई है।

मद्य निषेध विभाग के चेक पोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के बाद गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। विभाग की टीम शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाने में लगी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra